- स्वच्छता सेतु एप को नवाचार और प्रभावी पहल के लिए मिला उत्कृष्ट पुरस्कार
करनाल : ब्रेकिंग न्यूज : नगर निगम करनाल द्वारा विकसित स्वच्छता सेतु एप को स्वच्छता प्रबंधन में नवाचार और प्रभावी पहल के लिए उत्कृष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारत के नगर पालिका सुशासन के अध्यक्ष डी. सुरेश ने यह सम्मान प्रदान किया। यह पुरस्कार नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित म्यूनिसिपलिका 2026 – सुरक्षित, स्मार्ट और टिकाऊ समाधानों पर आधारित 18वीं अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने निगम टीम के साथ यह पुरस्कार ग्रहण किया।
सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रयासों का परिणाम है
यह सम्मान नगर निगम करनाल की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, नागरिक सहभागिता बढ़ाने और तकनीक के माध्यम से शहर को अधिक स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
स्वच्छता प्रबंधन एवं ठोस कचरा प्रबंधन की उन्नत प्रणाली है
नगर निगम आयुक्त डॉ वैशाली शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में विशेष रूप से यह दर्शाया गया कि करनाल को एक स्मार्ट, स्वच्छ और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने हेतु नगर निगम बहुआयामी स्तर पर कार्य कर रहा है। इसमें स्वच्छता प्रबंधन एवं ठोस कचरा प्रबंधन की उन्नत प्रणाली, जल प्रबंधन एवं संरक्षण के प्रभावी उपाय, हरियाली विस्तार एवं पर्यावरण संरक्षण की पहल, सड़कों व अन्य आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ विकास, डिजिटल सेवाओं एवं ई-गवर्नेंस का विस्तार तथा स्मार्ट पब्लिक यूटिलिटीज की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी करनाल के तेज़ी से विकसित होते स्वरूप तथा स्मार्ट सिटी अवधारणा को साकार करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सशक्त प्रतिबिंब है।