- पंजाब में AAP नेता की गोली मारकर हत्या
- गैंगस्टर शेरू ग्रुप से मिली थी धमकी
पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबरॉय की 6 फरवरी की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे 53 साल के थे। स्कूटी पर आए हमलावरों ने उन्हें 6 गोलियां मारीं। 5 सीने में और एक गोली सिर पर लगी।
लक्की ओबेरॉय मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। जैसे ही वे गुरुद्वारे से निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे तो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
परिजन गंभीर हालत में उन्हें मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार को विश्वास नहीं हुआ तो वे उन्हें शहर के श्रीराम अस्पताल लेकर गए। यहां भी उन्हें मृत बताया गया।
एडीसीपी जयंत परी ने बताया कि पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। CCTV खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उनकी टारगेट किलिंग का शक है।
ओबेरॉय आम आदमी पार्टी (AAP) से जालंधर कैंट विधानसभा सीट के हलका इंचार्ज थे। उनका 5 दिन पहले ही बर्थडे था। हमलावरों की CCTV फुटेज सामने आई है। पुलिस जांच में सामने आया कि गैंगस्टर शेरू ग्रुप ने 25 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर धमकी दी थी। उन्होंने कहा कि लक्की ओबेरॉय के साथ उनका खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर झगड़ा चल रहा था।
थार में बैठते ही फायरिंग की
पुलिस के मुताबिक, लक्की ओबेरॉय सुबह 7:15 बजे पॉश इलाके मॉडल टाउन के गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। वह नियमित तौर पर गुरुद्वारे में आते थे। गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद वह बाहर निकले और घर जाने के लिए थार में बैठ गए। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार हमलावर वहां पहुंच गए। उन्होंने थार लेकर जाने से पहले ही थार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जिससे थार के शीशे चकनाचूर हो गए। इसके बाद हमलावरों ने सीधे लक्की ओबेरॉय पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान उनकी छाती और चेहरे पर गोलियां मारीं गई। जब लक्की ओबेरॉय गंभीर रूप से घायल होकर सीट पर लुढ़क गए तो हमलावर वहां से फरार हो गए।
डॉक्टर बोले- 8 से 9 फायर हुए
श्रीराम अस्पताल के डॉक्टर विशाल ने बताया कि सतिंपाल सिंह जोगी उर्फ लक्की ओबेरॉय को घायल हालत में लाया गया था। लक्की को टारगेट कर 8 से 9 फायर किए गए। इनमें 5 से 6 गोलियां उनके सीने पर लगी हैं जबकि एक गोली चेहरे पर लगी है। गोलियां लगने की वजह से उनकी हालत काफी गंभीर थी। जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखकर ट्रीटमेंट दिया जा रहा था लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
ADCP बोले- सभी नाकों पर अलर्ट
ADCP जयंत पुरी ने बताया कि वारदात के बाद हमलावर भाग गए थे। पुलिस ने सभी नाकों पर हमलावरों के बारे में सूचित कर दिया है। इसके साथ ही गुरुद्वारे के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के जो हाईटेक सीसीटीवी लगे हैं, उनकी फुटेज भी निकले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
वहीं ADCP हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि आरोपी मुंह ढंके हुए थे। डेडबॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा है। तीन टीमों को मर्डर को ट्रेस करने के लिए लगाया है। अभी एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। परिवार के बयान लिए जा रहे हैं।