October 23, 2026
22 oct 10
  • सरिया खरीदने के नाम पर करीब 2 लाख 60 हजार रुपये और लॉटरी में 12 लाख रुपये जीतने का झांसा देकर करीब 3 लाख रुपये की ठगी करने के मामलों में कार्रवाई, दोनों आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद
करनाल ब्रेकिंग न्यूज :  पुलिस अधीक्षक करनाल  करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में साइबर क्राइम थाना करनाल की टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
थाना साइबर क्राइम के प्रबंधक निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार तथा सहायक उप निरीक्षक रामफूल की टीमों द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पहला मामला: सरिया खरीदने के नाम पर करीब 2 लाख 60 हजार रुपये की साइबर ठगी  पहले मामले में पुलिस टीम ने आरोपी अशोक राम उर्फ किट्टू पुत्र बालेश्वर राम निवासी गांव डहू, जिला चतरा, झारखंड को गिरफ्तार किया है।
 मामले के अनुसार, करनाल निवासी अभिषेक मित्तल ने मकान निर्माण के लिए सरिया खरीदने के उद्देश्य से गूगल पर जिंदल स्टील का नंबर सर्च कर संपर्क किया था। इस दौरान आरोपी ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर शिकायतकर्ता को फर्जी बिल भेजा और सरिया उपलब्ध करवाने के नाम पर करीब 2 लाख 60 हजार रुपये बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। काफी समय तक सरिया नहीं मिलने पर शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना करनाल में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दूसरे मामले में पुलिस ने आरोपी सूरज कुमार पुत्र संतोष कुमार निवासी सकलडीहा, जिला चंदौली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
मामले के अनुसार, करनाल निवासी कश्मीर सिंह ने फेसबुक पर लॉटरी का विज्ञापन देखकर संबंधित लोगों से संपर्क किया था। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को 12 लाख रुपये की लॉटरी निकलने का झांसा दिया। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, जीएसटी और लॉटरी क्लेम करवाने सहित अलग-अलग बहाने बनाकर उससे विभिन्न किस्तों में करीब 3 लाख रुपये ठग लिए।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना करनाल में दिनांक 1 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज कुमार को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की जांच जारी है।
करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि ऑनलाइन खरीदारी, लॉटरी और इनाम के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा पैसे मांगे जाने पर बिना सत्यापन के भुगतान न करें। इंटरनेट पर सर्च किए गए व्यावसायिक नंबरों की प्रामाणिकता की पुष्टि संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत माध्यम से अवश्य करें। इसी प्रकार, लॉटरी या इनाम जीतने के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस, जीएसटी अथवा अन्य शुल्क मांगने वालों के झांसे में न आएं।
यदि आपके साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस दिलाने की संभावना बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *