October 23, 2026
22 oct 11
  • अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निपटारे और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर दिया जोर
  • पीड़ितों के साथ करें सभ्य व्यवहार, शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें :-आईजी अश्विन शेन्वी
करनाल ब्रेकिंग न्यूज :  पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल, करनाल श्री अश्विन शेन्वी आज बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सेक्टर -12 करनाल पहुंचे। यहां पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल ने उनका स्वागत किया। इसके उपरांत पुलिस गार्द द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आईजी अश्विन शैणवी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधकों, क्राइम यूनिट प्रभारियों तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, गंभीर आपराधिक मामलों की जांच और लंबित मामलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री करन गोयल ने जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने तथा अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के संबंध में पुलिस महानिरीक्षक को विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में गंभीर अपराधों की जांच में तेजी लाने, लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, नशा तस्करी एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य अपराधियों को कानून के दायरे में लाकर आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है
पुलिस महानिरीक्षक  अश्विन शेन्वी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य अपराधियों को कानून के दायरे में लाकर आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। गंभीर आपराधिक मामलों में प्रभावी जांच करते हुए आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रत्येक पीड़ित के साथ सभ्य एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए
आईजी अश्विन शेन्वी ने कहा कि थाना एवं चौकी में अपनी शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ सभ्य एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। शिकायतकर्ता की बात को गंभीरता से सुनकर उसकी समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत चाहे ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई हो या उच्च अधिकारियों के कार्यालय के माध्यम से, प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। थानों में शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया प्रभावी और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
पुलिस महानिरीक्षक ने अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं। सभी थाना प्रबंधक अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सक्रियता से कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा तस्करी, साइबर अपराध और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर विशेष ध्यान देते हुए इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और जरूरत पड़ने पर बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क कर सके।
यह समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है
आईजी अश्विन शेन्वी ने कहा कि पुलिस की नौकरी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। पुलिस का व्यवहार, कार्यशैली और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता पुलिस की छवि को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से समन्वय बनाए रखते हुए टीम भावना के साथ कार्य करें और जनता की सुरक्षा एवं सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
बैठक के दौरान आईजी अश्विन शैणवी ने पुलिसकर्मियों के कल्याण को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि रेंज में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेलफेयर का पूरा ध्यान रखा जाएगा। यदि किसी पुलिसकर्मी को वेलफेयर से संबंधित कोई समस्या है, तो वह निसंकोच संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी समस्या रख सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक करनाल  करन गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजीत तोमर, सहायक पुलिस अधीक्षक  रविन्द्र कुमार, डीएसपी  संदीप सिंह, डीएसपी  गोरखपाल राणा, डीएसपी  मनोज कुमार,डीएसपी  सोनू नरवाल, डीएसपी  नायब सिंह, डीएसपी  मीना कुमारी सहित जिले के सभी थाना प्रबंधक, क्राइम यूनिट प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *