- मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की दी जानकारी, विद्यार्थियों व स्कूल स्टाफ ने ली नशा न करने की शपथ
करनाल ब्रेकिंग न्यूज : जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में थाना रामनगर क्षेत्र स्थित शिव पब्लिक हाई स्कूल, शिव कॉलोनी, करनाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम एवं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्हें नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि नशे से संबंधित समस्याओं, नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों की सहायता तथा आवश्यक मार्गदर्शन के लिए इस हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और किसी भी व्यक्ति को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने के लिए जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉक्टर पूजा, डॉक्टर प्रियंका, सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार तथा स्कूल के हेड मास्टर नरेश कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई।
करनाल पुलिस की अपील:- जिला पुलिस करनाल ने आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे जैसी बुराई से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें और एक स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज बनाने में सहभागी बनें।
I have been associated with the field of journalism for the past 10 years. While working in print media, I understood people’s issues at the grassroots level and conveyed their voices to the authorities. Readers today seek news that is both high-quality and engaging. To meet this need, the ‘Karnal Breaking News’ website will now provide the latest updates—covering national and international affairs, politics, sports, and news specific to Karnal—rapidly on a single platform.