- 15 जिले प्रभावित, लोग बिजली-पानी को तरसे
करनाल ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम-नूंह में निजी कंपनी को बिजली सप्लाई का लाइसेंस देने के विरोध में चल रही हड़ताल को देखते हुए सरकार बैकफुट पर आ गई है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर कर्मचारियों को बातचीत का न्योता देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा-
हरियाणा के हड़ताल पर गए कर्मचारियों से अपील हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर आयें । सभी विकल्पों पर बातचीत करने के लिए हम तैयार हैं । इसमें इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 की धारा 108 पर कार्यवाही करना भी शामिल है ।
मंत्री के इस बुलावे को बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने स्वीकार कर लिया है। प्रवक्ता रविन्द्र घनघस ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मंत्री विज की तरफ से हमें बातचीत का निमंत्रण मिला है। दोपहर 3 बजे यह बैठक रेस्ट हाउस में होगी।
उनका कहना है कि इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 की धारा 108 के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए सरकार प्राइवेट कंपनी के लाइसेंस को रद्द कर सकती है। यह पूरा मामला सीएम की सहमति के बिना नहीं हो सकता।
बता दें कि हड़ताल के पहले दिन 15 जिलों में इसका असर दिखा। 33 केवी के 118 और 11 केवी के 510 से ज्यादा फीडरों में ब्रेकडाउन हुआ। शुक्रवार यानी दूसरे दिन भी हालात जस के तस बने हुए हैं। हिसार के पॉश इलाकों में 24 घंटे से बिजली गुल है। झज्जर में सीएनजी पेट्रोल पंप बंद कर दिए गए हैं। वहीं, कुरुक्षेत्र और कैथल बार एसोसिएशन ने कोर्ट का काम सस्पेंड रखने का फैसला किया है।
मंत्री विज बोले- कर्मचारियों से 3 बजे मीटिंग
बिजली मंत्री अनिल कहा कि मैंने अभी कर्मचारी नेताओं से बात भी की है। मैं पहले दिन से उनको कह रहा हूं कि हड़ताल इसका रास्ता नहीं है। आप आओ, टेबल पर हम बात करते हैं और अगर आप कोई और रास्ता सुझाओगे, हम उसको भी अपनाएंगे।
तो कल गुरुवार को उनकी तरफ से यह मांग आई थी कि सरकार धारा 108 का इस्तेमाल करके इस आदेश को खारिज कर दे, जो कि हम कर सकते हैं। मैंने मुख्यमंत्री जी से भी बात कर ली है और आज मैंने सुबह उठते ही ट्वीट भी कर दिया था कि हम धारा 108 इस्तेमाल करेंगे। जो यूनियन के नेता हैं, वो मान गए हैं और 3 बजे पंचकूला रेस्ट हाउस में उन्होंने आकर मीटिंग करने के लिए सहमति दी है। और मुझे विश्वास है कि चंद घंटों में ही हड़ताल खत्म हो जाएगी।
कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के महासचिव रविंद्र घगघस ने जानकारी देते हुए बताया कि बिजली मंत्री अनिल विज की तरफ हमें बातचीत का निमंत्रण मिला है। दोपहर 3 बजे यह मीटिंग रेस्ट हाउस में होगी। जहां तक प्राइवेट कंपनी को पेरेलल लाइसेंस दिए जाने की बात है तो इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 की धारा 108 के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए सरकार प्राइवेट कंपनी के लाइसेंस को रद्द कर सकती है और ये पूरा मामला एक तरह से सीएम की सहमति के बिना नहीं हो सकता है।
हड़ताल के दौरान क्यों बेबस नजर आई सरकार
पटवारी-ग्राम सचिव का फॉर्मूला फेल: बिजली सप्लाई बहाल रखने के लिए हरियाणा सरकार ने फील्ड में पटवारियों और ग्राम सचिवों की ड्यूटी लगाई थी, लेकिन तकनीकी जानकारी न होने के कारण यह प्रशासनिक प्रयोग नाकाम साबित हुआ।
उपद्रव पर रोक, लेकिन फॉल्ट ठीक करने में बेबस: सब-स्टेशनों और फीडरों पर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है। पुलिस बल जानबूझकर की जाने वाली तोड़फोड़ और शरारत की घटनाओं को रोकने में तो सफल रहा, लेकिन नियमित रूप से आ रहे तकनीकी फॉल्ट और लाइनों के ब्रेकडाउन को ठीक करने का समाधान बिजली निगम नहीं निकाल पाया।
ITI स्टूडेंट्स को ड्यूटी पर लगाने का प्रयोग: अंबाला और अन्य स्थानों पर ITI स्टूडेंट्स को ड्यूटी पर लगाने से जुड़े कई पत्र हड़ताल के पहले दिन सामने आए। हालांकि, प्रैक्टिकल अनुभव की कमी के कारण ITI स्टूडेंट्स भी फॉल्ट ढूंढने में नाकाम रहे।
यूपी और पड़ोसी राज्यों से कर्मचारी बुलाने की उम्मीद टूटी: हड़ताल से निपटने के लिए हरियाणा सरकार पड़ोसी राज्यों से तकनीकी स्टाफ और कर्मचारी बुलाने की योजना बना रही थी, लेकिन अब यह उम्मीद भी टूट गई है। उत्तर प्रदेश (यूपी) के बिजली कर्मचारी संगठनों ने अपनी सरकार को स्पष्ट रूप से कह दिया है कि उनका कोई भी कर्मचारी हड़ताल के दौरान ड्यूटी करने हरियाणा नहीं जाएगा।
I have been associated with the field of journalism for the past 10 years. While working in print media, I understood people’s issues at the grassroots level and conveyed their voices to the authorities. Readers today seek news that is both high-quality and engaging. To meet this need, the ‘Karnal Breaking News’ website will now provide the latest updates—covering national and international affairs, politics, sports, and news specific to Karnal—rapidly on a single platform.