- बिजली विभाग के कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर पुलिस अलर्ट, जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर निभाई जा रही जिम्मेदारी
करनाल ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा तीन दिवसीय हड़ताल के आह्वान के मद्देनजर जिला पुलिस करनाल पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, महत्वपूर्ण बिजली प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए करनाल पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसी कड़ी में जिले के विभिन्न पावर हाउसों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिसकर्मियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, संबंधित क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के साथ बेहतर समन्वय
बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए करनाल पुलिस जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर रही है। बिजली प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है। पुलिस का प्रयास है कि हड़ताल के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन को बिजली आपूर्ति से संबंधित अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए थाना असंध प्रबंधक निरीक्षक राजेश कुमार, थाना निसिंग प्रबंधक निरीक्षक कृष्ण कुमार तथा चौकी सदर बाजार इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार सहित अन्य थाना पुलिस की टीमों द्वारा संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक समन्वय एवं प्रयास किए गए। पुलिस टीमों ने बिजली संबंधी समस्याओं के निवारण में सहयोग करते हुए आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में कार्य किया।
करनाल पुलिस का उद्देश्य केवल बिजली प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आमजन की समस्याओं के समाधान में भी सहयोग करना है, ताकि हड़ताल के दौरान नागरिकों को कम से कम असुविधा हो और सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो।
महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर
जिले के विभिन्न पावर हाउसों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। पुलिस द्वारा परिस्थितियों पर नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
आमजन से शांति बनाए रखने एवं अफवाहों से बचने की अपील
करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और जिला प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। बिजली आपूर्ति या कानून-व्यवस्था से संबंधित किसी समस्या की स्थिति में संबंधित विभागों एवं पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करें तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
करनाल पुलिस आमजन की सुरक्षा, बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए पूरी तत्परता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।
I have been associated with the field of journalism for the past 10 years. While working in print media, I understood people’s issues at the grassroots level and conveyed their voices to the authorities. Readers today seek news that is both high-quality and engaging. To meet this need, the ‘Karnal Breaking News’ website will now provide the latest updates—covering national and international affairs, politics, sports, and news specific to Karnal—rapidly on a single platform.