- चुनाव आयोग करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस
- कांग्रेस फिर कोर्ट जाने की तैयारी में
करनाल : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में नगर निगम चुनाव को लेकर हरियाणा चुनाव आयोग कल तारीखों का ऐलान कर सकता है। आयोग प्रेस कान्फ्रेंस करने की तैयारी में जुटा है। अगर किसी वजह से सोमवार को ऐलान नहीं होता है तो फिर बुधवार को कान्फ्रेंस संभव है। उधर, कांग्रेस भी फिर से कोर्ट जाने की तैयारी में जुटी है।
नगर निगम चुनाव की वार्डबंदी को लेकर चला आ रहा गतिरोध पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद खत्म हो गया है। हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार, शहरी स्थानीय निकाय ने 10 अप्रैल को फिर से 2011 जनगणना के अनुसार एससी सीटें रिजर्व करने की अधिसूचना जारी कर दी है। जिसके बाद चुनाव आयोग ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
हालांकि कांग्रेस की हाईकोर्ट में EVM के साथ VVPAT जोड़ने की याचिका लंबित है, जिस पर 20 अप्रैल को सुनवाई होगी। लेकिन इससे चुनाव पर रोक जैसा कोई आदेश कोर्ट की ओर से नहीं दिया गया है। ऐसे में चुनाव आयोग के शेड्यूल पर इससे कोई असर नहीं पड़ेगा।
बीसी-बी महिला के लिए पहली बार मेयर पद रिजर्व
हरियाणा में बीसी-बी की महिला के लिए पहली बार मेयर पद आरक्षित हुआ है। हालांकि पानीपत में बीसी-बी कैटेगिरी से संबंध रखने वाली कोमल सैनी मेयर हैं। बता दें कि, पानीपत मेयर की सीट महिला के रिजर्व थी। तब भाजपा ने जनरल कैटेगिरी की बजाय बीसी-बी वर्ग की कोमल सैनी को प्रत्याशी बनाया था। अब रिजर्वेशन की वजह से पहली बार कोई मेयर पद बीसी-बी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
रेवाड़ी में SC महिला के लिए रिजर्व
नगर परिषद रेवाड़ी और नगर पालिका सांपला, उकलाना व धारूहेड़ा में प्रधान के पदों को आरक्षित करने के लिए नियमों में वर्णित गठित समिति की बैठक में फैसला लिया गया। इसमें रोटेशन और अनुसूचित जाति की जनसंख्या की अधिकतम प्रतिशत के आधार पर नगर परिषद रेवाड़ी में प्रधान का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया। यह अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित होगा।
उकलाना नपा प्रधान महिला रिजर्व
नगर पालिकाओं सांपला, उकलाना और धारूहेड़ा में ड्रा ऑफ लॉट से आरक्षण घोषित किया गया। इनमें नगर पालिका उकलाना में प्रधान का पद महिला के लिए आरक्षित घोषित किया गया है। इसके अलावा छह निकायों में उपचुनाव भी होंगे, जिनमें टोहाना, झज्जर, राजौंद, कनीना, तरावड़ी, साढौरा और करनाल शामिल हैं। इन निकायों में एक-एक वार्ड पार्षद के चुनाव होंगे।
पंचकूला में भाजपा के कुलभूषण गोयल ने जीता था चुनाव
पंचकूला नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी ने 2020 में मेयर पद हुए चुनाव में जीत हासिल की थी। यहां से मेयर का चुनाव भाजपा उम्मीदवार कुलभूषण गोयल ने जीता था। कुलभूषण गोयल को कुल 49860 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस की उम्मीदवार उपेंद्र कौर अहलूवालिया को 47 हजार 803 वोट मिले।
अंबाला में बीजेपी की शैलजा ने कांग्रेस की अमीषा को हराया था
अंबाला में 2 मार्च को नगर निगम चुनाव हुए थे। वोटिंग के दस दिन बाद यानी 12 मार्च को आए परिणाम में बीजेपी ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। बीजेपी की प्रत्याशी शैलजा संदीप सचदेवा ने कांग्रेस की अमीषा सचदेवा को 20 हजार से भी अधिक मार्जिन से हराया था। 14 राउंड की वोटिंग के बाद 40 हजार 620 वोट मिले। वहीं कांग्रेस की अमीषा सचदेवा सिर्फ 20 हजार 133 वोट हासिल कर पाई थीं।
सोनीपत में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने जीत दर्ज की थी
सोनीपत नगर निगम मेयर पद के लिए मार्च 2025 में उप चुनाव हुए थे। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने मेयर उपचुनाव में कांग्रेस के कमल दिवान को 34,749 वोटों से हरा दिया था।
अन्य आठ नगर निगमों में आरक्षण की क्या स्थिति
प्रदेश में कुल 11 नगर निगम हैं। इनमें से आठ के चुनाव पहले ही हो चुके हैं। तीन नगर निगमों का कार्यकाल इसी माह पूरा हुआ है। फरीदाबाद नगर निगम महिला और गुरुग्राम नगर निगम बीसी-ए कैटेगरी की महिला के लिए आरक्षित है। यमुनानगर में मेयर का पद एससी कैटेगरी महिला और रोहतक में नगर निगम मेयर का पद एससी कैटेगरी के पुरुष के लिए रिजर्व है। बाकी के पांच निगम हिसार, करनाल, मानेसर और पानीपत सामान्य वर्ग के लिए हैं।