- लॉरेंस गैंग ने लिखा- धरती में दफनाया, पंजाब में ग्रेनेड सप्लाई में नाम आ चुका
- लॉरेंस गैंग के सरपंच बॉस की तरफ से आई सोशल मीडिया पोस्ट में भानु राणा की हत्या की बात लिखी
करनाल : ब्रेकिंग न्यूज : करनाल के रहने वाले कुख्यात गैंगस्टर भानु राणा की अमेरिका के कैलिफोर्निया में हत्या का दावा किया गया है। लॉरेंस गैंग के सरपंच बॉस की तरफ से आई सोशल मीडिया पोस्ट में भानु राणा की हत्या की बात लिखी है।
पोस्ट में लिखा- “एक साल पहले ही पोस्ट डालकर लिखा था कि हम भानु राणा को मरवा देंगे। यह देश के खिलाफ काम कर रहा था। इसे मारकर धरती में 10 फीट नीचे दफना दिया।” दैनिक भास्कर इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता।
भानु राणा पहले लॉरेंस गैंग से ही जुड़ा हुआ था। नवंबर 2025 में सामने आया था कि भानु राणा को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। तब उसे जल्द भारत डिपोर्ट करने की भी बात सामने आई थी। हालांकि, उसे भारत नहीं लाया गया।
करनाल STF ने जून 2025 में भानू के दो करीबियों को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। उन्होंने खुलासा किया था कि उन्होंने जालंधर में भी ग्रेनेड सप्लाई किए थे। बाद में उन ग्रेनेड से ब्लास्ट किए गए थे।
गांव में मां अकेली रहती है
भानु राणा करनाल के सांभली गांव का रहने वाला था। उसके पिता बिल्लू की कई साल पहले मौत हो गई थी। सांभली गांव में उसकी मां ही रहती है। सरपंच प्रतिनिधि संजीत कुमार ने दैनिक भास्कर को बताया कि भानु की मां गांव में कम ही रहती है। वह अक्सर रिश्तेदारी में ही रहती है। गांव या परिवार के पास भानु की मौत की कोई सूचना नहीं आई।
2023 में अमेरिका भागा
भानु राणा पर 2015 में लड़ाई-झगड़े का पहला मामला दर्ज हुआ था। 2018 में अवैध हथियार रखने और लोगों के साथ मारपीट करने के मामले दर्ज हुए। 2018 में वह लॉरेंस गैंग से जुड़ गया। फिर व्यापारियों, ज्वैलर्स, और इमीग्रेशन सेंटर से रंगदारी के मामले दर्ज हुए। 2020 से 2022 के बीच फायरिंग और शूटआउट के केस दर्ज हुए। 2023 में फर्जी पासपोर्ट बनवाकर वह अमेरिका भाग गया।
हैंड ग्रेनेड के साथ गुर्गे पकड़े
सूत्रों के मुताबिक, भानु अमेरिका जाने के बाद लॉरेंस गैंग का हथियार सप्लाई का नेटवर्क संभालने लगा। 13 जून 2025 में करनाल STF ने भानु राणा के साथी दीपेंद्र और अदम्य को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। उन्होंने खुलासा किया था कि इन्होंने पंजाब के जालंधर में भी ग्रेनेड सप्लाई किए थे। वहां ब्लास्ट भी हुआ था।
लॉरेंस गैंग से दूरी बनाई
सूत्रों के मुताबिक, एक साल पहले भानु के लॉरेंस गैंग से रिश्ते बिगड़ गए। बताया जाता है कि इसके बाद वह लॉरेंस के विरोधियों के साथ जुड़ गया। तभी से वह लॉरेंस गैंग के निशाने पर था।
युवक बोला- कैनिफोर्निया में मौत की सूचना नहीं
कैलिफोर्निया में रह रहे करनाल के युवक रॉबिन ने बताया कि हमारी कभी भानु राणा से मुलाकात नहीं हुई। 5 महीने पहले हमें न्यूज में ही पता चला था कि भानु को अमेरिका पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद क्या हुआ हमें नहीं पता। आज भानु की हत्या की सोशल मीडिया पर पोस्ट देखी, लेकिन हमारे यहां ऐसा कुछ नहीं है। अगर उसकी हत्या होती तो हमारे यहां भी तो न्यूज चलती। हमें लगता है दहशत फैलाने के लिए ऐसा किया गया है।
जानिए लॉरेंस गैंग की पोस्ट में क्या….
“वाहेगुरु जी दा खालसा वाहेगुरु जी दी फतेह। राम राम सभी भाइयों को। जो ये देशद्रोही भानु राणा का (कैलिफ़ोर्निया, यूएसए) में मर्डर हुआ है, ये मैंने सरपंच यूरोप और साहिल दुहन (हिसार) और लॉरेंस ग्रुप ने करवाया है। आज से ठीक एक साल पहले हमने पोस्ट डालकर लिखा था कि हम इसको मरवा देंगे और लॉरेंस भाई ने साफ-साफ बोल रखा है जो भी देश के खिलाफ जाएगा वो मारा जाएगा, चाहे वो किसी भी कोने में छुप जाए।
जो ये देशद्रोही और रेपिस्ट रोहित गोदारा आतंकवादियों को देश की मुखबरी कर रहा है, इसको भी वैसे ही मार कर धरती के दस फीट नीचे दफना देंगे जैसे भानु राणा को दफनाया था, और लाश भी बरामद नहीं होगी। जो भी देश के दुश्मनों का साथ देगा, तैयार रहना, मौत कभी भी आ सकती है।
नोट: ये जो गोल्डी ढिल्लों है, इसका अब लॉरेंस गैंग से कोई लेना-देना नहीं है क्योंकि ये अब ड्रग्स का काम करता है और देश की मुखबरी करने लग गया है। सभी भाई इससे बचके रहें। सलाम शहीदा नू। लॉरेंस ग्रुप, जितेंदर गोगी मान ग्रुप, काला राणा ग्रुप, मधुर यमुनापार, जग्गा ऑस्ट्रेलिया, शेरा संधू ऑस्ट्रेलिया, मनदीप स्पेन।