April 1, 2026
1 april 3
  • टोल रेट 5 प्रतिशत बढ़े, भर्ती प्रक्रिया बदली, सरकारी स्कूलों में छात्राओं को मिलेगा दूध

करनाल : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में आज से 4 बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। कलेक्टर रेट बढ़ने से प्रदेश में लोगों को घर, जमीन और फ्लैट खरीदने के लिए ज्यादा पैसे देने होंगे। कुल 11,947 क्षेत्रों में औसतन 75% तक रेट बढ़ाए गए हैं, जिससे अब जमीन और प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री महंगी हो जाएगी।

सरकार का कहना है कि जिन इलाकों में बाजार मूल्य तेजी से बढ़ा और रजिस्ट्रियों की संख्या ज्यादा रही, वहां नए सिरे से मूल्यांकन कर दरें तय की गई हैं। इससे राजस्व बढ़ने के साथ-साथ जमीन की वास्तविक कीमतों के हिसाब से ही रजिस्ट्रेशन होगा।

इसके अलावा सूबे के प्रमुख टालों पर भी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल दरों में 5-10 रुपए (लगभग 4-5%) की बढ़ोतरी की है, जो सभी प्रमुख नेशनल हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर लागू है। सबसे महंगा टोल NH-152D पर है, जहां कार का एक तरफ का किराया ₹375 हो गया है। खेड़की दौला (गुड़गांव) और चौधरीवास (हिसार) जैसे टोल प्लाजा पर भी दरें बढ़ी हैं।

पहला: कलेक्टर रेट 75% तक बढ़े

गुरुग्राम के सेक्टर-28 में वर्ष 2024 में 71 हजार 600 रुपए प्रति वर्ग गज की दर थी, जिसमें पहले 30% बढ़ोतरी होकर 93 हजार 080 रुपए हुई थी। अब 45% और बढ़ने के बाद यह दर बढ़कर करीब 1 लाख 34 हजार 944 रुपए प्रति वर्ग गज हो गई है। इसी तरह बहादुरगढ़ की टीचर कॉलोनी, रणजीत कॉलोनी और भगवान कॉलोनी में भी रेट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।

वहीं कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में पहले प्रस्तावित 130% बढ़ोतरी को घटाकर 75% तक सीमित किया गया है। सोनीपत, पानीपत और करनाल जैसे शहरों में भी व्यावसायिक और आवासीय जमीन की कीमतों में 15% से 75% तक वृद्धि दर्ज की गई है। कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद और करनाल रोड क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली है।

दूसरा: टोल दरें 4-5% तक बढ़ी

सूबे में टोल दरें चार से पांच प्रतिशत तक बढ़ी हैं। NH-152D (नारनौल-अंबाला रोड): कार (एक तरफ) ₹375, डबल साइड ₹560 कर दिया गया है। वहीं खेड़कीदौला टोल (दिल्ली-गुरुग्राम): कार/जीप के लिए ₹5-₹15 की बढ़ोतरी हुई है। डाहर टोल (रोहतक-कोहाना): कार/जीप के लिए ₹65 से बढ़कर ₹70, हल्के वाहनों के लिए ₹105 से ₹110 हो गया है।

वहीं मंथली पास की वार्षिक पास की दरें ₹3 हजार से बढ़कर ₹3075 (₹75 की वृद्धि) की गई हैं। टोल प्लाजा के 20 किमी के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों के लिए पास की सुविधा जारी रहेगी।

तीसरा: भर्ती प्रक्रिया के नियम बदले

हरियाणा सरकार ने न्यायिक सेवाओं में भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा संशोधन करते हुए हरियाणा उच्च न्यायिक सेवा (संशोधन) नियम, 2026 लागू कर दिए हैं। ये नियम 27 मार्च 2026 से प्रभावी हो गए हैं। संशोधित नियमों के तहत अब न्यायिक सेवा में पदों को भरने के लिए प्रमोशन, सीमित प्रतियोगी परीक्षा और सीधी भर्ती का स्पष्ट ढांचा तय किया गया है।

नए प्रावधानों के अनुसार 50 प्रतिशत पद मेरिट-कम-सीनियरिटी के आधार पर प्रमोशन से भरे जाएंगे, जबकि 25 प्रतिशत पद सीमित प्रतियोगी परीक्षा और 25 प्रतिशत पद सीधी भर्ती के माध्यम से भरे जाएंगे। सीमित प्रतियोगी परीक्षा के जरिए पदोन्नति के लिए न्यूनतम सात वर्ष का अनुभव और 35 वर्ष की आयु निर्धारित की गई है।

चौथा: आज से छात्राओं को दूध मिलेगा

हरियाणा सरकार 1 अप्रैल 2026 से ‘मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना’ के तहत सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं को पौष्टिक दूध और प्रोटीन मिल्क बार मिलेगा। इस योजना का उद्देश्य छात्राओं में पोषण की कमी (एनीमिया) को दूर करना है। छात्राओं को सप्ताह में चार दिन फोर्टिफाइड सुगंधित दूध और दो दिन मिल्क बार मिलेगा। हफ्ते में 4 दिन दूध और 2 दिन प्रोटीन मिल्क बार मिलेगा। योजना के तहत 75 दिन दूध और 75 दिन मिल्क बार वितरित किए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.