October 27, 2026
6 oct 15
  • 22 नवंबर को निकलेगा नगर कीर्तन, 24 नवंबर को होगा भव्य गुरमति समागम

करनाल ब्रेकिंग न्यूज :  श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर करनाल में श्री गुरुपर्व प्रबंधक कमेटी की ओर से भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 22 नवंबर को नगर कीर्तन तथा 24 नवंबर को गुरमति समागम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारियां गुरुद्वारा डेरा कार सेवा के प्रमुख बाबा सुख्खा सिंह की अगुवाई में की जा रही हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर भी बरताया जाएगा।

श्री गुरुपर्व प्रबंधक कमेटी के प्रधान बीरेंद्र सिंह और महासचिव इंद्रपाल सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 22 नवंबर, रविवार को नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन की शुरुआत सुबह 10:30 बजे गुरुद्वारा डेरा कार सेवा एवं गुरुद्वारा मंजी साहिब पातशाही पहली से होगी।

नगर कीर्तन कर्ण गेट, कमेटी चौक, दावत होटल रोड, अस्पताल चौक, कुंजपुरा रोड और सब्जी मंडी सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। इसके बाद नगर कीर्तन गुरुद्वारा डेरा कार सेवा, कलंदरी गेट में पहुंचकर संपन्न होगा।

24 नवंबर को होगा गुरमति समागम

प्रकाश पर्व के मुख्य कार्यक्रम के रूप में 24 नवंबर को गुरुद्वारा डेरा कार सेवा में गुरमति समागम आयोजित किया जाएगा। समागम का आयोजन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक तथा शाम 6 बजे से रात 10:30 बजे तक किया जाएगा।

समागम में देश के विभिन्न प्रमुख गुरुद्वारों से रागी, ढाडी एवं प्रचारक जत्थे पहुंचकर गुरबाणी कीर्तन और गुरमति विचारों के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।

कई प्रमुख रागी जत्थे होंगे शामिल

कार्यक्रम में भाई बलविन्द्र सिंह लाडी , हजूरी रागी श्री दरबार साहिब, श्री अमृतसर साहिब; भाई गुरप्रीत सिंह, हजूरी रागी गुरुद्वारा श्री पौंटा साहिब; तथा भाई पलविन्द्र सिंह जी, हजूरी रागी गुरुद्वारा शीश गंज साहिब पातशाही नौवीं, तरावड़ी, विशेष रूप से शामिल होंगे।

इसके अलावा भाई गुलाब सिंह जी, गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी, सेक्टर-32 करनाल; भाई अमृतपाल सिंह , हेड ग्रंथी गुरुद्वारा मंजी साहिब पातशाही पहली, करनाल; भाई बलविन्द्र सिंह , हजूरी रागी गुरुद्वारा मंजी साहिब पातशाही पहली, करनाल तथा भाई गुरसेवक सिंह , हजूरी रागी गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मॉडल टाउन, करनाल भी संगत को गुरबाणी से जोड़ेंगे।

विद्यार्थियों की भी रहेगी विशेष भागीदारी

गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूल, करनाल के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में अपनी सेवाएं देंगे। दरबार हाल एवं रहरास साहिब के पाठ की सेवा भाई मंजूर सिंह जी द्वारा की जाएगी, जबकि स्टेज सेक्रेटरी की सेवा भाई दर्शन सिंह जी संभालेंगे।

कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर आने वाली संगत के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से नगर कीर्तन और गुरमति समागम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *